उत्तराखंड में 7 हजार परिवारों को मिलेगा स्वरोजगार का सहारा, व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार रुपये की मदद

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

जलागम विभाग की जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत निर्बल वर्ग को आर्थिक सहायता, समूहों को अधिकतम 1.20 लाख रुपये देने का प्रावधान

देहरादून। उत्तराखंड में समाज के कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जलागम विभाग की ओर से विशेष पहल की जा रही है। उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत निर्बल वर्ग के परिवारों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। परियोजना के अंतर्गत करीब सात हजार परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि यह सहायता ग्राम पंचायत स्तर पर व्यक्तिगत और सामूहिक दोनों रूपों में उपलब्ध कराई जा रही है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में कृषि और औद्यानिकी को बढ़ावा देना तथा ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करना है। इसके साथ ही समाज के कमजोर वर्गों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहयोग देने की व्यवस्था भी की गई है।

व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार, समूहों को 1.20 लाख रुपये तक

मंत्री ने बताया कि योजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार रुपये और समूहों को अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। व्यक्तिगत लाभार्थी इस राशि से मधुमक्खी पालन, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, मुर्गी पालन, बकरी पालन और घराट संचालन जैसे स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं।

वहीं, समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण और मत्स्य पालन जैसे व्यवसायों के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। कई ग्रामीण परिवारों को इस योजना का लाभ मिल भी चुका है।

आठ जिलों के 15 ब्लॉकों में संचालित है परियोजना

परियोजना के लाभार्थियों का चयन ग्राम सभा की खुली बैठक में आर्थिक वर्गीकरण के आधार पर किया जाता है। वर्तमान में यह परियोजना नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों के 15 ब्लॉकों की 519 ग्राम पंचायतों में संचालित की जा रही है।

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि परियोजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। स्वरोजगार के अवसर मजबूत होने से ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी चयनित लाभार्थियों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *