पटेलनगर में महिला की शिकायत पर एक नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, वहीं शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बस अड्डे से आरोपी को पकड़ा
उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध के दो मामले सामने आए हैं। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक स्पा सेंटर के बाहर महिला के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता ने आरोपियों पर आंखों में मिर्च पाउडर डालने और जबरन स्पा सेंटर के अंदर ले जाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। वहीं, रुड़की में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
स्पा सेंटर के बाहर महिला से मारपीट और अभद्रता का आरोप
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में मंडी चौक स्थित एक स्पा सेंटर में मारपीट का मामला सामने आया है। गोविंदगढ़ निवासी महिला ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत देकर बताया कि वह 19 नवंबर 2026 को अपने पति के बारे में जानकारी लेने स्पा सेंटर पहुंची थी। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे जानकारी देने से इनकार कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान एक काले रंग की कार मौके पर पहुंची। उसमें से एक महिला और एक पुरुष उतरे और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और उसे जबरन खींचकर स्पा सेंटर के अंदर ले जाने की कोशिश की।
शिकायत में महिला ने बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती है। घटना के दौरान स्पा सेंटर में कुछ अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। घटना से घबराई महिला ने बाद में अपने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पति उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पटेलनगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर एक नामजद महिला और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, बस अड्डे से आरोपी गिरफ्तार
दूसरा मामला हरिद्वार जिले के रुड़की का है। यहां एक युवती ने कोतवाली गंगनहर क्षेत्र निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रुड़की बस अड्डे पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
