पैसों के लेनदेन और आपसी विवाद में वारदात को दिया अंजाम, तीनों की हालत गंभीर; दिल्ली के मैक्स अस्पताल में चल रहा उपचार
काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल की पत्नी और उसके दो बच्चों पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि संजय कुमार नाम के व्यक्ति ने खुखरी से महिला और दोनों बच्चों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। तीनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल तीनों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घर पहुंचने पर कांस्टेबल को मिली घटना की जानकारी
जानकारी के अनुसार, काशीपुर निवासी सचिन कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बरेली में तैनात हैं। 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे जब सचिन ट्रेन से काशीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो उनकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने उन्हें बताया कि संजय नाम के व्यक्ति ने उन पर और बच्चों पर हमला कर दिया है। कुछ ही देर बाद फोन संपर्क टूट गया।
घबराए सचिन तत्काल अपने घर पहुंचे। वहां मुख्य गेट के बाहर खून के निशान मिले। आसपास के लोगों से जानकारी लेने पर पता चला कि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को एक व्यक्ति कार से अस्पताल लेकर गया है।
पैसों के लेनदेन को लेकर था विवाद
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के आधार पर पुलिस ने मुरादाबाद जिले के डिलारी क्षेत्र निवासी संजय कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी सचिन कुमार से पुरानी जान-पहचान थी और दोनों के बीच पैसों का लेनदेन होता था। इसके अलावा लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र बनवाने और महिला के साथ रहने को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है।
वारदात के बाद आरोपी ही घायलों को अस्पताल ले गया
एसपी स्वप्न किशोर सिंह के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने कथित तौर पर महिला और दोनों बच्चों पर खुखरी से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ही अपनी कार से घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचा था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खुखरी, कार और पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग बरामद किए हैं।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, घायल महिला और दोनों बच्चों का दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उपचार जारी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
