कनखल स्थित आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में हुई घटना से मचा हड़कंप, अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया; विवाद की वजह की जांच में जुटी पुलिस
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक वरिष्ठ अधिकारी पर उनके ही चालक द्वारा कथित तौर पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। कनखल थाना क्षेत्र स्थित आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात एसपी सीपी नौटियाल इस घटना में बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि गोली उनके माथे के बेहद करीब से गुजर गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी नाराजगी के चलते चालक ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी। गोली अधिकारी के माथे के पास से निकल गई। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में अधिकारी और चालक के बीच आपसी अनबन की बात सामने आई है, हालांकि विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चालक ने किन परिस्थितियों में गोली चलाई और घटना के पीछे क्या कारण था। मामले में जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
