मुक्तेश्वर से शुरू हुई 658 किमी की हिमालयन MTB चैलेंज, 18 राज्यों के 66 साइकिलिस्ट दिखाएंगे दमखम

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी प्रतियोगिता

एयरफोर्स, आर्मी और ITBP के प्रतिभागी भी ले रहे हिस्सा, उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म हब बनाने की पहल

मुक्तेश्वर, 20 नवंबर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का शुक्रवार को मुक्तेश्वर से आगाज हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 658 किलोमीटर की यह रोमांचक यात्रा प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। प्रतियोगिता में 18 राज्यों के साथ एयरफोर्स, आर्मी और आईटीबीपी के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की शुरुआत मुक्तेश्वर से होना भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल इस आयोजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते की तरह जोड़कर प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में काम कर रहे हैं। इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

80 प्रतिभागियों ने कराया था पंजीकरण, 66 ले रहे हिस्सा

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 की शुरुआत 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुई है। करीब 658 किलोमीटर लंबी यह रेस प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी। प्रतियोगिता के लिए कुल 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन विभिन्न कारणों से 14 प्रतिभागी इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं। वर्तमान में 18 राज्यों के 66 प्रतिभागी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें एयरफोर्स, आर्मी और आईटीबीपी के प्रतिभागी भी शामिल हैं।

उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म हब बनाने की तैयारी

सचिव पर्यटन ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म, माउंटेन साइक्लिंग और साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। सरकार खेल, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर प्रदेश की वैश्विक पहचान मजबूत करना चाहती है।

उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों के जरिए हिमालयी क्षेत्रों को माउंटेन बाइकिंग और साहसिक खेलों के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे देश-विदेश के पेशेवर साइकिलिस्ट और पर्यटक उत्तराखंड की ओर आकर्षित होंगे।

शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

धीराज सिंह गर्ब्याल के अनुसार, सरकार का एक प्रमुख उद्देश्य पर्यटन गतिविधियों को गर्मियों और चारधाम यात्रा तक सीमित न रखते हुए शीतकाल में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाना है। इससे ऑफ-सीजन में होटल, होमस्टे और रिसॉर्ट कारोबार को लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, परिवहन, खानपान और पर्यटन सेवाओं से जुड़े रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल देशभर के प्रतिभागियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, खानपान और परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य को भी व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। सरकार का प्रयास कम चर्चित पर्वतीय क्षेत्रों और ग्रामीण पर्यटन स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाना है।

उन्होंने बताया कि हिमालयन MTB चैलेंज के साथ अल्ट्रा मैराथन और एंगलिंग मीट जैसे आयोजनों के जरिए भी प्रदेश में साहसिक एवं शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है।

कार्यक्रम में केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, केएमवीएन प्रबंधक मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *