दिल्ली के व्यापार मेले में दिखी उत्तराखंड की संस्कृति और हुनर की झलक, सीएम धामी ने किया उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

उत्तराखंड दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने पर दिया जोर

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित उत्तराखंड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मेले में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों और उत्पादकों की ओर से तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। यहां के पारंपरिक उत्पाद प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण साधन भी हैं।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। इनके माध्यम से प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। इससे उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक कौशल को संरक्षण देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए काम कर रही है।

बेहतर पैकेजिंग और तकनीक से बढ़ेगी उत्पादों की पहुंच

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के जरिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ेगी और युवाओं तथा महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पाद प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने पवेलियन में भाग ले रहे कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड को आर्थिक और व्यावसायिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने में मददगार साबित होंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *