315 अंक के स्कोर कार्ड और विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में 215 अंक दर्ज होने का मामला, काउंसलिंग बोर्ड ने संदिग्ध दस्तावेजों की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज कराने के दिए निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की यूजी काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान NEET-UG स्कोर कार्ड में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। एक अभ्यर्थी के स्कोर कार्ड और विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में दर्ज अंकों में 100 अंक का अंतर मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने दस्तावेजों में हेरफेर की आशंका जताई है। मामले में विश्वविद्यालय की ओर से डोईवाला पुलिस को शिकायत देकर जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार एसके बरनवाल के मुताबिक, हरियाणा के फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति अपनी बेटी के दाखिले के लिए विश्वविद्यालय की ऑफलाइन काउंसलिंग में पहुंचे थे। उन्होंने बेटी का NEET-UG 2026 स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया, जिसमें 315 अंक दर्ज थे। जबकि विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में अभ्यर्थी के 215 अंक दर्ज किए गए थे। अंकों में इस अंतर को लेकर अभिभावक ने विश्वविद्यालय से शिकायत की।
दो आवेदन फॉर्म में अलग-अलग अंक दर्ज होने का दावा
विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पांडे की ओर से 24 नवंबर 2026 को डोईवाला थाना प्रभारी को भेजे गए पत्र में पूरे मामले का उल्लेख किया गया है। शिकायत के अनुसार, संबंधित व्यक्ति ने 23 नवंबर को शाम 7 बजकर 13 मिनट पर विश्वविद्यालय को ई-मेल भेजकर मेरिट सूची में अंकों की गड़बड़ी की जानकारी दी थी। काउंसलिंग के दौरान उन्होंने एक ऐसी सूची भी प्रस्तुत की, जिसमें अभ्यर्थी के 315 अंक दर्शाए गए थे।
विश्वविद्यालय की शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि काउंसलिंग के दौरान अभिभावक ने बेटी के दो अलग-अलग आवेदन फॉर्म प्रस्तुत किए थे। इनमें एक फॉर्म में 315 अंक, जबकि दूसरे में 215 अंक दर्ज थे। विश्वविद्यालय ने इस अंतर को गंभीरता से लेते हुए मामला काउंसलिंग बोर्ड के समक्ष रखा। बोर्ड ने प्रकरण को संदिग्ध मानते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
सरकारी माध्यम से प्राप्त होता है NEET का आधिकारिक डेटा
विश्वविद्यालय के अनुसार, NEET के अंकों का आधिकारिक डेटा राज्य सरकार के माध्यम से हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून से प्राप्त होता है। ऐसे में आधिकारिक रिकॉर्ड में 215 अंक दर्ज होने और अभ्यर्थी की ओर से 315 अंकों का स्कोर कार्ड प्रस्तुत किए जाने के बीच का अंतर जांच का विषय है।
विश्वविद्यालय ने पुलिस को भेजी शिकायत के साथ NEET स्कोर कार्ड, अलग-अलग अंकों वाले दोनों आवेदन फॉर्म, संबंधित ई-मेल, अभ्यर्थी के दस्तावेज और उपलब्ध कराई गई सूची भी संलग्न की है। विश्वविद्यालय ने आशंका जताई है कि कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर काउंसलिंग में प्रवेश लेने का प्रयास किया गया।
फिलहाल मामला पुलिस को सौंप दिया गया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दस्तावेजों में हेरफेर हुई है या अंकों के अंतर के पीछे कोई अन्य कारण है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
