चीन के फिल्म उद्योग में पहचान बना चुके देव रतूड़ी का उत्तराखंड में फिल्म निर्माण पर जोर, स्थानीय कलाकारों को प्रशिक्षण और तकनीकी सुविधाएं देने की तैयारी
देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, इतिहास और पहाड़ की कहानियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। चीन के फिल्म और हॉस्पिटैलिटी उद्योग में अपनी पहचान बना चुके उत्तराखंड के देव रतूड़ी ने देहरादून में केमसोर स्टूडियोज की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य उत्तराखंडी सिनेमा को नई दिशा देने के साथ स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच और फिल्म निर्माण से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
25 नवंबर को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी और पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने स्टूडियो का अवलोकन किया। इस दौरान साहित्य, कला, फिल्म और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद रहीं।
रामपुर तिराहा कांड पर बनेगी पहली फिल्म
केमसोर स्टूडियोज की पहली फिल्म ‘द उत्तराखंड स्टोरी’ होगी। फिल्म का निर्देशन अनुज जोशी कर रहे हैं। इसकी कहानी वर्ष 1994 के रामपुर तिराहा कांड और उसके बाद उत्तराखंड राज्य आंदोलन से जुड़े घटनाक्रमों पर आधारित होगी।
निर्देशक अनुज जोशी के अनुसार, फिल्म में आंदोलन के संघर्ष, महत्वपूर्ण घटनाओं और उन चेहरों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें अब तक व्यापक पहचान नहीं मिल पाई है। फिल्म हिंदी में बनाई जाएगी, जबकि भविष्य में इसे उत्तराखंडी भाषाओं में भी प्रस्तुत करने की योजना है।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा प्रशिक्षण
केमसोर स्टूडियोज में फिल्म निर्माण के साथ अभिनय प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए मुंबई के अभिनय प्रशिक्षक हर्षल पंवार को आमंत्रित किया गया है। वह स्थानीय कलाकारों को अभिनय की बारीकियों और फिल्म उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देंगे।
स्टूडियो का लक्ष्य उत्तराखंड में ही फिल्म निर्माण और पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़ी सुविधाएं विकसित करना है, ताकि स्थानीय फिल्म निर्माताओं को तकनीकी कार्यों के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
दो-तीन साल में फिल्म इंस्टीट्यूट बनाने की योजना
देव रतूड़ी ने बताया कि अगले दो से तीन वर्षों में केमसोर स्टूडियोज को पूर्ण फिल्म इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां अभिनय के साथ फिल्म निर्माण के विभिन्न रचनात्मक और तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड में देवभूमि फिल्म सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव भी सौंपा है। इसका उद्देश्य प्रदेश में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना है।
संघर्ष से चीन के फिल्म उद्योग तक पहुंचे देव रतूड़ी
टिहरी गढ़वाल के केमरिया सौड़ गांव में जन्मे देव रतूड़ी ने अपने करियर की शुरुआत चीन में वेटर के रूप में की थी। मेहनत और उद्यमशीलता के बल पर उन्होंने वहां ‘अंबर पैलेस’ रेस्तरां श्रृंखला स्थापित की। हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में सफलता के बाद उन्होंने चीन के फिल्म उद्योग में भी काम किया और कई फिल्मों में भूमिकाएं निभाईं।
केमसोर नाम उनके पैतृक गांव केमरिया सौड़ से जुड़ा है, जिसे उन्होंने अपने स्टूडियो की पहचान बनाया है। देव रतूड़ी का कहना है कि उनका उद्देश्य उत्तराखंड की प्रतिभाओं को प्रदेश में ही बेहतर अवसर देना और पहाड़ की कहानियों को बड़े पर्दे तक पहुंचाना है।
केमसोर स्टूडियोज की शुरुआत से उत्तराखंड में फिल्म निर्माण, अभिनय प्रशिक्षण और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
