मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ईमानदारी और निष्पक्षता से काम करने की दी नसीहत, कहा- राजस्व मामलों के निस्तारण में आमजन को न लगाने पड़ें तहसीलों के चक्कर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनसे पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने की अपेक्षा की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई और इसे सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही अन्य युवतियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की अहम कड़ी हैं। उनके काम का सीधा संबंध आम लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी और तय समयसीमा में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए उनकी जमीन परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को हर मामले में संबंधित परिवार की परिस्थितियों को भी समझना चाहिए।

बुजुर्गों और दिव्यांगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
धामी ने अधिकारियों से कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनें और उसे जरूरी दस्तावेजों व प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन किया जाए, जिससे प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत जल्द पहुंचाई जा सके।
भ्रष्टाचार और सिफारिश से दूर रहकर करें काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने चाहिए। बिना सिफारिश के आने वाले व्यक्ति का जायज काम भी तत्परता से करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।
उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में शामिल करने की अपील की। साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी देने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर दिया।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। ऐसे में नवनियुक्त अधिकारी अपने पद की गरिमा बनाए रखें और जनता का विश्वास जीतने के लिए पारदर्शी तरीके से काम करें।
जनसेवा को प्राथमिकता दें अधिकारी: मुख्य सचिव
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को यह सोचकर काम करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की पहुंच केवल तहसील स्तर तक है, उनके प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
