प्रेम विवाह पर पंचायत में बवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर चाकू से हमले का आरोप

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

हरिद्वार के शिवगढ़ गांव में युवक-युवती के घर से भागकर शादी करने के मामले में बुलाई गई थी पंचायत, गर्दन और कंधे पर आई चोट; तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। जिले के पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में प्रेम विवाह से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान हिंसा हो गई। आरोप है कि पंचायत में मौजूद सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर तीन लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में अधिकारी की गर्दन और दाएं कंधे पर चोट आई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शिवगढ़ गांव निवासी कमलेश पौड़ी गढ़वाल के जहरीखाल क्षेत्र में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह अवकाश पर अपने गांव आए हुए थे। इसी दौरान गांव के एक युवक और युवती के प्रेम प्रसंग तथा घर से भागकर शादी करने का मामला सामने आया। बताया गया है कि प्रेमी युगल को इस मामले में उच्च न्यायालय से सुरक्षा देने के आदेश भी मिले हुए हैं।

बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद

प्रेम विवाह के मामले को लेकर युवती पक्ष के लोगों ने गांव में पंचायत बुलाई थी। कमलेश भी पंचायत में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनकी गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आईं। घटना के बाद पंचायत में अफरा-तफरी मच गई।

तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल अधिकारी का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *