शिक्षा और समाज सुधार में सर सैयद के योगदान को किया याद, पूर्व छात्रों ने साझा किए विचार
देहरादून। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) एलुमनाई एसोसिएशन, देहरादून की ओर से विश्वविद्यालय के संस्थापक सर सैयद अहमद खान की 209वीं जयंती के उपलक्ष्य में ओएनजीसी ऑफिसर्स क्लब, कोलागढ़ रोड पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने सर सैयद के शैक्षिक विचारों, समाज सुधार के प्रयासों और आधुनिक शिक्षा के प्रसार में उनके योगदान को याद किया।
एसोसिएशन के अनुसार, सर सैयद अहमद खान की जयंती 17 अक्टूबर को मनाई जाती है। नवरात्र के चलते इस वर्ष जयंती समारोह का आयोजन 24 अक्टूबर को किया गया। कार्यक्रम में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में डॉ. एस. फारूक ने सर सैयद अहमद खान के शैक्षिक योगदान और समाज में जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। डॉ. इरफान अहमद ने उन्हें दूरदर्शी व्यक्तित्व बताते हुए उनके विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता को रेखांकित किया। वहीं, डॉ. तबस्सुम हैदर ने समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक प्रयासों को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसोसिएशन के महासचिव डॉ. साजिद जमाल द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने संगठन की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद कोषाध्यक्ष इकबाल अहमद ने वार्षिक बजट पेश किया। इस दौरान एसोसिएशन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार गर्ग, उपाध्यक्ष आर.एच. सिद्दीकी, कोषाध्यक्ष इकबाल अहमद, संयुक्त सचिव नफीस अहमद और महासचिव डॉ. साजिद जमाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रियाज उल हसन सिद्दीकी ने किया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी इंजीनियर एमसी गुप्ता, इंजीनियर मोहम्मद उमर, डॉ. नगमा इरफान, इंजीनियर अयाज अहमद और इंजीनियर कमल सिंह समेत एसोसिएशन के अन्य सदस्य एवं एएमयू के पूर्व छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर रात्रिभोज का आयोजन किया गया।
समारोह में सर सैयद अहमद खान के शिक्षा संबंधी विचारों और समाज सुधार के प्रयासों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा समाज में जागरूकता, सकारात्मक बदलाव और प्रगति का महत्वपूर्ण माध्यम है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
