मंगलौर में गंगनहर किनारे महिला का गला कटा शव मिलने से सनसनी

उत्तराखण्ड क्राइम

रुड़की। हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में मंगलवार सुबह गंगनहर किनारे करीब 40 वर्षीय अज्ञात महिला का गला कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुराने गंगनहर पुल के पास शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रथम दृष्टया महिला की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महिला की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आसपास के थानों से संपर्क कर हाल में दर्ज हुई महिला गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों में साक्ष्य जुटाने के साथ लोगों से पूछताछ कर रही है।

घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि महिला की हत्या गंगनहर किनारे ही की गई या कहीं और वारदात को अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया।

पुलिस ने घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की पहचान, हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पुलिस टीम को घटना की तह तक पहुंचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *