हरिद्वार/देहरादून: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने हरिद्वार जिले के खानपुर में बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस ने खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को कृषि यंत्र सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
सब्सिडी के एवज में मांगी थी रिश्वत: शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके भाई ने कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस आवेदन की फाइल को आगे बढ़ाने और सब्सिडी स्वीकृत कराने के बदले सहायक कृषि अधिकारी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की।
विजिलेंस ने बिछाया जाल: शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप टीम गठित की। योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी अधिकारी हरिओम यादव (निवासी प्रतापनगर, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल) को रिश्वत की रकम सौंपी, विजिलेंस की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।
हेल्पलाइन 1064 पर करें शिकायत: विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
