17 साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, आखिर पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया एक लाख का इनामी शौकत अली

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

ओएनजीसी महाप्रबंधक के घर 2009 में हुई हथियारबंद डकैती के मामले में था फरार, एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने उत्तर 24 परगना से किया गिरफ्तार

देहरादून। ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हुई हथियारबंद डकैती के मामले में पिछले 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर शौकत अली को उत्तराखंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून की बसंत विहार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से दबोचा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहचान छिपाकर वहां टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था।

शौकत अली वर्ष 2009 में देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर हुई डकैती के मामले में वांछित था। इसके अलावा हल्द्वानी में दर्ज डकैती के एक अन्य मुकदमे में भी उसका नाम सामने आया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, वह दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में रहकर 17 साल तक कानून की गिरफ्त से बचता रहा।

हथियारों के बल पर परिवार को बनाया था बंधक

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को बसंत विहार निवासी ओएनजीसी के तत्कालीन महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि पांच हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुस आए थे। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और हथियारों के बल पर लूटपाट की थी।

मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की तो राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान, समद और शौकत अली के नाम सामने आए। पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था।

25 हजार से बढ़कर एक लाख हुआ था इनाम

लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर तत्कालीन एसएसपी देहरादून ने शौकत अली पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था ने इनामी राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।

ऑपरेशन प्रहार के तहत मिली सफलता

पुलिस के मुताबिक, वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि शौकत अली कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर रह रहा है और टाइल्स व पत्थर लगाने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की और उसे पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई मुकदमे दर्ज

एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र स्थित अहमदनगर का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 1991 से आपराधिक मामले दर्ज होने का रिकॉर्ड मिला है।

वर्ष 2005 में मेरठ के देहली गेट थाने में हत्या से संबंधित मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, वर्ष 2009 में हल्द्वानी कोतवाली में भी डकैती और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि इनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *