10 जिलों से होकर गुजड़ेगी 658 किमी लंबी MTB चैलेंज, 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

मुख्यमंत्री धामी बोले- ऐसे आयोजन उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में निभाएंगे अहम भूमिका

हल्द्वानी/मुक्तेश्वर, 19 नवंबर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का आगाज होने जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। यह चुनौतीपूर्ण साइकिलिंग प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इसका समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।

प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में भव्य गाला डिनर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन प्रदेश के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में जोड़ने का काम कर रहे हैं। इन आयोजनों से देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को भी मजबूत करते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। साथ ही, साइकिलिस्ट और पर्यटक प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं से परिचित होते हैं।

स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर

सीएम धामी ने कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर आधारित प्रस्तुति ने मोहा मन

गाला डिनर कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल और नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक धुनों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने संगीत और नृत्य के माध्यम से प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत किया। वहीं, ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर प्रस्तुत छपेली लोकनृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोकधुनों के जरिए कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *