नमामि गंगे परियोजना से बदली हरिद्वार में गंगा की तस्वीर, 22 नाले टैप और 145 एमएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट कर रहे काम; सफाई अभियान में 100 टन कचरा निकाला

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा की स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों का असर अब दिखाई देने लगा है। नमामि गंगे परियोजना और व्यापक सफाई अभियानों के चलते गंगा के जल और घाटों की स्वच्छता में सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण से लेकर नालों की टैपिंग तक कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। वहीं, हाल ही में गंगा बंदी के दौरान चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान में 100 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया।

दरअसल, गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए सरकार की ओर से दीर्घकालिक योजनाओं के साथ जमीनी स्तर पर भी सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा और उसकी सहायक नदियों के किनारे बसे शहरों में एसटीपी प्लांट स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही छोटी-बड़ी बस्तियों से निकलकर गंगा में गिरने वाले नालों को टैप कर उनकी निकासी एसटीपी प्लांट से जोड़ी गई है। इससे गंगा में गंदे पानी के सीधे प्रवाह को रोकने के लिए आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है।

इस बार गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार में प्रशासन ने व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के साथ धार्मिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और व्यापारिक संगठनों ने भागीदारी की। अभियान के तहत घाटों और नदी तटों की सफाई के साथ वर्षों से जमा प्लास्टिक कचरा, पूजा सामग्री के अवशेष और नदी में प्रवाहित किए गए पुराने कपड़ों को भी हटाया गया। इस दौरान 100 टन से अधिक कचरा एकत्रित किया गया।

दीपावली की रात जब मां गंगा का जल पूरे वेग के साथ हरकी पैड़ी क्षेत्र में लौटा तो घाटों और नदी तटों का स्वच्छ स्वरूप दिखाई दिया। प्रशासन अब गंगा की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच भी जागरूकता अभियान चला रहा है। इसके लिए विभिन्न संगठनों और आमजन का सहयोग लिया जा रहा है।

सभी 22 नाले टैप, 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी संचालित

गंगा को स्वच्छ बनाने की दिशा में उत्तराखंड पेयजल निगम की ओर से महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। निगम के अनुसार, हरिद्वार में गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर उनकी निकासी एसटीपी प्लांट से जोड़ दिया गया है। इसके अलावा शहर में कुल 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट लगातार काम कर रहे हैं। सीवरेज व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शिवालिक नगर में एक एसटीपी प्लांट के साथ विभिन्न स्थानों पर आठ सीवरेज पंपिंग स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं। उनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नमामि गंगे परियोजना के तहत एसटीपी प्लांटों के निर्माण, नालों की टैपिंग और व्यापक स्वच्छता अभियानों से गंगा की स्वच्छता को नई गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने गंगा बंदी के दौरान जनसहभागिता से चलाए गए सफाई अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए सरकार लगातार प्रभावी प्रयास करती रहेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *