हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा में टिकट की दौड़ तेज, मदन कौशिक समेत 9 नेताओं ने पेश की दावेदारी

उत्तराखण्ड राजनीति राज्य समाचार

पूर्व सांसद नरेश बंसल ने डामकोठी में नेताओं और कार्यकर्ताओं से लिया चुनावी फीडबैक, कन्हैया खेवड़िया समर्थकों के साथ पहुंचे तो पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने हरिद्वार और रानीपुर दोनों सीटों से मांगा टिकट

हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार विधानसभा सीट पर टिकट को लेकर पार्टी के भीतर दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में हरिद्वार स्थित डामकोठी में भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद एवं चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान कई नेताओं ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए बायोडाटा भी सौंपा। हरिद्वार सीट से मौजूदा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत कुल नौ नेताओं के नाम चर्चा में आए हैं।

बैठक में पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया, उज्ज्वल पंडित, दर्जाधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम, अनिल अरोड़ा और संजय सहगल सहित कई नेताओं ने अपनी दावेदारी रखी। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा भी पहले ही चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। मौजूदा विधायक मदन कौशिक ने भी नरेश बंसल से मुलाकात की। हालांकि मदन कौशिक और आशुतोष शर्मा ने अपना बायोडाटा नहीं सौंपा।

मदन कौशिक की दावेदारी मजबूत, कई नए चेहरे भी मैदान में

हरिद्वार विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक मदन कौशिक को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। लंबे समय से इस सीट पर उनका राजनीतिक प्रभाव रहा है। दूसरी ओर, पार्टी के कई अन्य नेता भी टिकट की दावेदारी के जरिए अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखा रहे हैं। ऐसे में आगामी चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर अभी से समीकरण बनने लगे हैं।

कन्हैया खेवड़िया ने समर्थकों के साथ किया शक्ति प्रदर्शन

दावेदारों में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया खेवड़िया की मौजूदगी खास चर्चा में रही। वह समर्थकों के साथ डामकोठी पहुंचे और चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल को अपना बायोडाटा सौंपा। इस दौरान उन्होंने संगठन में लंबे समय से किए जा रहे कार्यों और क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता का विवरण भी प्रस्तुत किया। समर्थकों की मौजूदगी के जरिए उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी को मजबूती से रखने की कोशिश की।

मनोज गर्ग ने हरिद्वार के साथ रानीपुर सीट से भी मांगा टिकट

भाजपा के पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार के साथ रानीपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने पर्यवेक्षक के सामने दोनों सीटों से अपनी दावेदारी रखी। मनोज गर्ग ने कहा कि मेयर रहते हुए जिन योजनाओं को वह धरातल पर नहीं उतार पाए, उन्हें विधायक बनने पर पूरा करने का प्रयास करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, वह उसके साथ खड़े रहेंगे।

तीर्थ पुरोहित समाज के नेताओं की भी दावेदारी

हरिद्वार विधानसभा सीट पर टिकट की दावेदारी में तीर्थ पुरोहित समाज से जुड़े नेताओं की सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। उज्ज्वल पंडित, नितिन गौतम और कन्हैया खेवड़िया सहित समाज से जुड़े कई नेताओं ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा का नाम भी इस संदर्भ में चर्चा में है, हालांकि उन्होंने इस बैठक में बायोडाटा नहीं सौंपा।

हरिद्वार ग्रामीण सीट से महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज ने मांगा टिकट

हरिद्वार विधानसभा सीट के अलावा हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में भी भाजपा की टिकट दावेदारी को लेकर हलचल शुरू हो गई है। महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने बताया कि उनके गुरु जगदीश मुनि महाराज पूर्व में दो बार हरिद्वार से विधायक रह चुके हैं। उन्हीं के बताए मार्ग पर चलते हुए वह हरिद्वार ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ने और जीतने का प्रयास करेंगे।

चुनाव पर्यवेक्षक बोले, सभी दावेदारों पर होगा मंथन

बैठक के दौरान नरेश बंसल ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में संगठन की स्थिति, पार्टी नेताओं की सक्रियता और पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन की जानकारी ली। इसके साथ ही आगामी चुनाव में जनता के बीच उठाए जाने वाले मुद्दों और संभावित प्रत्याशियों की क्षेत्र में पकड़ को लेकर भी चर्चा की गई।

नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा प्रदेश में चुनावी मोड में आ चुकी है और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बैठक कर चुनावी स्थिति का विश्लेषण किया जा रहा है। हरिद्वार सीट पर कई नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी का अधिकार है और पार्टी नेतृत्व सभी दावेदारों के नामों पर विचार करेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेशभर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *