केदारनाथ पैदल मार्ग पर टूटा पहाड़, भारी बोल्डर की चपेट में यात्री की मौत

उत्तराखण्ड पर्यटन

चीरबासा हेलीपैड के पास हादसा; लगातार पत्थर गिरने से रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण, संवेदनशील क्षेत्र में काम रोका

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम के पैदल यात्रा मार्ग पर रविवार सुबह चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बोल्डर की चपेट में आने से स्थानीय यात्री मोहन तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पैदल मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर को सुबह करीब 10:56 बजे चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना YMF जवान मुकेश ने दी। इसके बाद कोतवाली सोनप्रयाग से प्राप्त आरटी संदेश के माध्यम से हादसे की पुष्टि की गई।

मृतक की पहचान मोहन तिवारी पुत्र जयनारायण तिवारी, निवासी ग्राम पठाली, थाना एवं तहसील ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।

रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची

हादसे की सूचना मिलते ही DDRF और YMF की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण रेस्क्यू टीमों के सामने भी जोखिम बना हुआ है।

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए टीम द्वारा मृतक के शव को सुरक्षित तरीके से गौरीकुंड लाने की कार्रवाई की जा रही है।

संवेदनशील क्षेत्र में काम रोका गया

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे वाला क्षेत्र अभी भी संवेदनशील बना हुआ है। क्षेत्र में भूस्खलन सक्रिय होने के कारण लगातार पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में मौके पर कार्यरत श्रमिकों को फिलहाल काम रोककर सुरक्षित स्थान पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर लगातार भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रख रही हैं।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न रुकें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *