रुड़की में अवैध सॉस फैक्ट्री पर छापा: 8 कुंतल सॉस नष्ट, बिना लेबल की 351 बोतलें जब्त

उत्तराखण्ड क्राइम

रुड़की।

कांवड़ मेले से ठीक पहले हरिद्वार जिले के रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध सॉस निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान करीब 8 कुंतल सॉस नष्ट किया गया, जबकि बिना लेबल की 351 सॉस की बोतलें जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गईं। जांच में फैक्ट्री में बेहद गंदे और अस्वास्थ्यकर माहौल में सॉस तैयार किए जाने का खुलासा हुआ।

खाद्य सुरक्षा विभाग को लगातार बिना लेबल वाले सॉस की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसके आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रुड़की के मतलबपुर गांव स्थित एक फैक्ट्री में छापा मारा। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में बिना लेबल वाली सॉस की बोतलें मिलीं, जिन पर निर्माण तिथि, बैच नंबर, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी अंकित नहीं थी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सॉस निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, फर्श और दीवारें गंदगी से भरी थीं। टीम ने तैयार सॉस के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

निरीक्षण के समय फैक्ट्री संचालक पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र, फूड ग्रेड पैकेजिंग से जुड़े दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए करीब 32 हजार रुपये मूल्य का 8 कुंतल सॉस मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने फैक्ट्री में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है तथा परिसर के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *