ज्योतिर्मठ/चमोली। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी (वैली ऑफ फ्लावर्स) की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता अब विशेष चित्रित पोस्टकार्ड के माध्यम से देश और दुनिया के लोगों तक पहुंचेगी। उत्तराखंड डाक परिमंडल की इस अनूठी पहल का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध प्राकृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा देना है।यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल फूलों की घाटी पर आधारित विशेष चित्रित पोस्टकार्ड का बुधवार को विमोचन किया गया। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल शशि शालिनी कुजूर ने इस विशेष पोस्टकार्ड का लोकार्पण किया।चमोली जिले में स्थित फूलों की घाटी अपने दुर्लभ अल्पाइन पुष्पों, रंग-बिरंगे फूलों और मनोहारी प्राकृतिक दृश्यों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। अब पोस्टकार्ड के माध्यम से इस अद्भुत प्राकृतिक धरोहर की झलक लोगों तक एक नए और आकर्षक स्वरूप में पहुंचेगी।डाक विभाग की इस पहल से उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह पहल देश-दुनिया के पर्यटकों को फूलों की घाटी की ओर आकर्षित करने और स्थानीय पर्यटन को गति देने में भी सहायक साबित हो सकती है।फूलों की घाटी केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। विशेष पोस्टकार्ड के जरिए इसकी खूबसूरती को लोगों तक पहुंचाने की यह पहल प्रकृति संरक्षण, पर्यटन प्रचार और उत्तराखंड की वैश्विक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
