चमोली में 31 मिनट के भीतर दो बार डोली धरती, पहले 4.1 और फिर 2.8 तीव्रता का भूकंप

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

सुबह लगातार आए झटकों से लोगों में दहशत, गोपेश्वर से 14 किलोमीटर दूर था पहले भूकंप का केंद्र; राज्य के सभी 13 जिलों में 28 नवंबर को होगी आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार सुबह भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। महज 31 मिनट के अंतराल में आए इन झटकों से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पहला भूकंप सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई। इसके बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर दूसरी बार धरती हिली। इस भूकंप की तीव्रता 2.8 मापी गई।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, पहले भूकंप का केंद्र गोपेश्वर से करीब 14 किलोमीटर दूर था। वहीं, दूसरे भूकंप का समय सुबह 10 बजकर 52 मिनट 48 सेकंड दर्ज किया गया। इसका केंद्र चमोली जिले में जमीन से करीब पांच किलोमीटर नीचे बताया गया है। पहले झटके के मुकाबले दूसरे भूकंप की तीव्रता कम रही।

एक ही सुबह में दो बार भूकंप आने से लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। इससे पहले 13 नवंबर को भी उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के रिकॉर्ड के अनुसार, इसका केंद्र पिथौरागढ़ से करीब 49 किलोमीटर उत्तर में और गहराई पांच किलोमीटर थी।

भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है उत्तराखंड

हिमालयी क्षेत्र में स्थित उत्तराखंड का बड़ा हिस्सा भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। यहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियों के कारण समय-समय पर भूकंपीय हलचल होती रहती है। पर्वतीय भूगोल और प्राकृतिक आपदाओं की आशंका को देखते हुए राज्य में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

13 जिलों में एक साथ होगी आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल

इसी कड़ी में 28 नवंबर को पहली बार उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत तहसील स्तर तक करीब 250 से 300 स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इससे पहले 25 नवंबर को टेबल टॉप एक्सरसाइज के जरिए आपदा से निपटने की रणनीति और तैयारियों की समीक्षा होगी।

मॉक ड्रिल में भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने, टनल दुर्घटना, आगजनी और रासायनिक आपदा जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बेहतर करना और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना है।

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार, इस अभ्यास में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के साथ स्कूलों, विकासखंड स्तर पर होने वाली बीडीसी बैठकों, स्थानीय समुदायों और स्वयंसेवकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *