पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा के बेटे पर दुकानें आवंटित कराने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप, एसएसपी से शिकायत

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

विजयराज चौहान और सूरजपाल सिंह ने करीब 40 लाख रुपये की ठगी का लगाया आरोप; पूर्व मेयर, उनके बेटे और नगर निगम कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग, पुलिस ने शुरू की जांच

देहरादून। नगर निगम की दुकानें आवंटित कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, उनके बेटे शाश्वत उनियाल और नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना पर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में विजयराज चौहान और सूरजपाल सिंह ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विजयराज चौहान की शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2019 में तत्कालीन मेयर के बेटे शाश्वत उनियाल ने नगर निगम की जमीन लीज पर दिलाने और राजपुर रोड व मसूरी रोड के आसपास तीन स्थायी दुकानें आवंटित कराने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इस आश्वासन पर विजयराज ने अलग-अलग माध्यमों से करीब 45 लाख रुपये दिए। हालांकि, लंबे समय तक जमीन और दुकानों का आवंटन नहीं हुआ।

शिकायतकर्ता का कहना है कि वर्ष 2023 में उसे नया प्रस्ताव दिया गया। इसके तहत मसूरी रोड स्थित खाला गांव (मैगी पॉइंट) और कुठाल गेट के पास नगर निगम की ओर से चिह्नित स्थानों पर दुकानें दिलाने की बात कही गई। इस सिलसिले में नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना से मुलाकात कराई गई और आवश्यक दस्तावेज भी लिए गए।

आरोप है कि काफी समय गुजरने के बावजूद न तो दुकानों की पक्की रसीद दी गई और न ही कब्जा सौंपा गया। वर्ष 2025 में रकम वापस मांगने पर राजनीतिक रसूख का हवाला देकर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आधी रकम लौटाने और दो दुकानों का आवंटन कराने की बात हुई थी। आरोप है कि दिनेश खन्ना और सुनील उनियाल गामा की ओर से कुछ रकम लौटाई गई, लेकिन करीब 20 लाख रुपये अब भी वापस नहीं किए गए और दुकानों का आवंटन भी नहीं हुआ।

पूर्व मेयर के पूर्व निजी सचिव ने भी लगाए आरोप

इस मामले में पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा के निजी सचिव रह चुके सूरजपाल सिंह ने भी शिकायत दी है। उनका आरोप है कि वर्ष 2022-23 में शाश्वत उनियाल ने नगर निगम की ओर से दुकानें आवंटित कराने का भरोसा देकर उनसे 20 लाख रुपये लिए थे। सूरजपाल के मुताबिक, यह रकम नकद और ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग किस्तों में दी गई। कुछ राशि शाश्वत के चचेरे भाई तनुज उनियाल को भी दी गई थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम देने के बाद न तो दुकानें आवंटित की गईं और न ही पैसे वापस किए गए। रकम मांगने पर झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पूर्व मेयर ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को झूठा और निराधार बताया है। उनका कहना है कि किसी भी एजेंसी से जांच कराई जा सकती है, जिससे सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने आरोप लगाने वाले दोनों व्यक्तियों को ब्लैकमेलर और धोखाधड़ी में शामिल बताया है।

सीओ नितिन लोहानी के अनुसार, शिकायतों की जांच की जा रही है। संबंधित शिकायती पत्र और दस्तावेज राजपुर थाने भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *