उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई चिंता, 24 घंटे में 25 नए मामले; मरीजों की संख्या 408 पहुंची

उत्तराखण्ड स्वास्थ्य

देहरादून। मौसम में बदलाव के बीच उत्तराखंड में सीजनल बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। स्वाइन फ्लू यानी सीजनल इन्फ्लुएंजा के मामलों में लगातार बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 25 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 11 मरीज देहरादून और 14 अन्य जिलों से हैं। इसके साथ ही प्रदेश में स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या 408 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक 324 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 82 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते प्रदेश में अब तक दो मरीजों की मौत भी हुई है।

बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण अधिक

स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता की एक वजह छोटे बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण के मामले सामने आना भी है। 408 संक्रमित मरीजों में 1 से 10 वर्ष आयु वर्ग के 66 बच्चे शामिल हैं। 11 से 20 वर्ष के 31, 21 से 30 वर्ष के 41 और 31 से 40 वर्ष के 34 मरीज संक्रमित पाए गए हैं।

इसके अलावा 41 से 50 वर्ष के 44, 51 से 60 वर्ष के 67, 61 से 70 वर्ष के 70, 71 से 80 वर्ष के 42 और 81 से 90 वर्ष के 13 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।

महिलाओं के मुकाबले पुरुषों में संक्रमण ज्यादा

स्वाइन फ्लू के आंकड़ों में पुरुष मरीजों की संख्या महिलाओं की तुलना में अधिक है। प्रदेश में सामने आए 408 मामलों में 224 पुरुष और 184 महिलाएं शामिल हैं।

1017 सैंपल की हुई जांच

स्वास्थ्य विभाग संदिग्ध मरीजों की जांच पर विशेष जोर दे रहा है। अब तक स्वाइन फ्लू की जांच के लिए 1017 सैंपल लिए गए हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देहरादून में 269 और अन्य जिलों में 139 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

कोरोना और डेंगू के मामले भी बढ़े

स्वाइन फ्लू के साथ कोरोना और डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए अब तक 531 सैंपल लिए गए, जिनमें 46 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 20 मरीज देहरादून और 26 अन्य जिलों से हैं।

वहीं डेंगू की जांच के लिए करीब 27,839 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 150 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें देहरादून और अन्य जिलों से 75-75 मरीज शामिल हैं। कुल संक्रमित मरीजों में 128 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 22 का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

फ्लू के लक्षणों को लेकर रहें सतर्क

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार अचानक तेज बुखार, ठंड लगना, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान, नाक बहना या बंद होना और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बच्चों में कुछ मामलों में उल्टी और दस्त की समस्या भी हो सकती है।

लक्षण दिखाई देने पर भीड़भाड़ से बचने, मास्क का इस्तेमाल करने, पर्याप्त आराम और तरल पदार्थ लेने तथा चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।

स्वास्थ्य अधिकारियों को निगरानी के निर्देश

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा प्रभारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। देहरादून के सीएमओ मनोज शर्मा के अनुसार अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार के साथ उनकी स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। फ्लू के मामलों में वृद्धि होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *