सहस्त्रधारा में सेल्फी का जुनून पड़ा भारी, तेज बहाव में बहकर 28 वर्षीय युवती की मौत

उत्तराखण्ड राज्य समाचार

फोटो खिंचवाते समय फिसला पैर, एसडीआरएफ ने नदी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया; डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

देहरादून। थाना राजपुर क्षेत्र के सहस्त्रधारा में घूमने आई हरियाणा की 28 वर्षीय युवती की नदी के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। युवती नदी किनारे फोटो खिंचवा रही थी, इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गई।

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू की। नदी के बहाव के साथ बहकर युवती सहस्त्रधारा के समीप पहुंच गई थी। पुलिस, एसडीआरएफ जवानों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।

कड़ी मशक्कत के बाद नदी से निकाला

काफी तलाश के बाद युवती को नदी से बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर होने पर पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे कोरोनेशन अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना राजपुर प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि मृतका की पहचान नेहा आर्य (28), निवासी पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 16 अगस्त को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बारिश में नदी-नालों से दूर रहने की अपील

घटना के बाद पुलिस ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। इन दिनों देहरादून और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है।

दून पुलिस लगातार पर्यटकों और स्थानीय लोगों से नदी, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों के किनारे न जाने, पानी में उतरकर फोटो या वीडियो न बनाने तथा मौसम खराब होने पर संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रही है। पुलिस ने कहा कि कुछ पल की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *