हरिद्वार में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी कार्रवाई, बोडाहेड़ी गांव के 51 लोगों का शांतिभंग में चालान

उत्तराखण्ड क्राइम

हरिद्वार।

पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद हरिद्वार पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गुरुवार को पुलिस ने 22 महिलाओं और 29 पुरुषों सहित कुल 51 लोगों का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया। इससे पहले इसी मामले में नौ लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा चुकी है।

नाली विवाद से बढ़ा था तनाव

पुलिस के अनुसार बोडाहेड़ी गांव में कुछ दिन पहले नाली और पानी निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट व पथराव की घटना हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से पथरी थाने में मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार गांव पर नजर बनाए हुए थी।

ड्रोन कैमरे से हुई निगरानी

खुफिया विभाग और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को आशंका थी कि दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद हो सकता है। इसके बाद थाना प्रभारी रविंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ड्रोन कैमरे के साथ गांव पहुंची।

ड्रोन सर्वेक्षण के दौरान कई मकानों की छतों पर बड़ी मात्रा में ईंट और पत्थर रखे मिले। पुलिस ने संबंधित लोगों से तत्काल ईंट-पत्थर हटवाए और भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।

51 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई

पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत माहौल खराब करने की आशंका और छतों पर ईंट-पत्थर जमा करने के मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/135 के तहत 51 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की।

थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि गांव में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने या कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की सतर्क निगरानी जारी

पुलिस के अनुसार गांव में दोनों पक्षों के बीच फिर से तनाव की आशंका को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को तत्काल सूचना देने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *